श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई: लो. टी. मार्ग पुलिस थाने में एक बड़े निवेश घोटाले का मामला दर्ज किया गया है, जिसमें आरोपियों पर करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप है। इस मामले में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) मुंबई ने भी संज्ञान लेते हुए अलग से केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला गुन्हा क्रमांक 498/2026 तथा आर्थिक अपराध शाखा में गुन्हा क्रमांक 48/2026 के तहत दर्ज किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 316(2), 316(5), 61(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है।


■ क्या है पूरा मामला ?
शिकायतकर्ता जवाहरलाल मोहनलाल शाह (घाटकोपर पूर्व निवासी) ने आरोप लगाया है कि रियल एस्टेट कारोबारी राजीव शाह (मालिक, ट्रियम्फ रियल्टी), अनंतराय गिरधरलाल शाह (भागीदार, ट्रियम्फ वेंचर्स) और कुमार गिरधरलाल शाह ने मिलकर साजिश रची।
आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उनके परिवार को निवेश पर 18% रिटर्न का लालच दिया। इसके बाद वर्ष 2016 से मार्च 2018 के बीच उनसे नकद और चेक के जरिए कुल 64.70 करोड़ रुपये निवेश कराए। शुरुआत में कुछ रिटर्न देकर उनका भरोसा जीता गया।
■ 131 करोड़ रुपये का आरोपित गबन
शिकायत के अनुसार, बाद में आरोपियों ने न तो मूल रकम लौटाई और न ही वादा किया गया रिटर्न। इस तरह निवेश और रिटर्न मिलाकर कुल 131.41 करोड़ रुपये की राशि हड़प ली गई।
■ जांच जारी
फिलहाल मामला आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दिया गया है और पुलिस आरोपियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। संभावित गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर रखी जा रही है।


