श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के विले पार्ले क्षेत्र में मुंबई पुलिस के विले पार्ले पुलिस थाने द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 13 अप्रैल 2026 को शाम 4:30 बजे से 7:30 बजे तक दीनानाथ मंगेशकर नाट्यगृह में आयोजित हुआ।


कार्यक्रम में विले पार्ले पुलिस थाना (110), सहार पुलिस थाना (20), वाकोला पुलिस थाना (15) और एयरपोर्ट पुलिस थाना (10) से कुल 155 वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया।


कार्यक्रम की शुरुआत पद्म विभूषण से सम्मानित दिवंगत गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद अशरफ खान द्वारा ‘साज़ और आवाज़’ ऑर्केस्ट्रा के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के लिए मधुर गीत प्रस्तुत किए गए।


इस अवसर पर वाकोला विभाग की सहायक पुलिस आयुक्त ज्योत्स्ना रासम ने साइबर जागरूकता और महिला सुरक्षा पर मार्गदर्शन दिया। विले पार्ले पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गबाजी चिमटे ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए।
साइबर विशेषज्ञ कैलास कांदळकर ने गैस कनेक्शन, बिजली डिस्कनेक्शन जैसे फर्जी कॉल के जरिए होने वाली ठगी और उससे बचने के उपायों की जानकारी दी। वहीं, साइबर अधिकारी भरत गुरव ने सरकारी योजनाओं, हेल्पलाइन नंबर 1930 और 1945 तथा ‘सारथी’ ऐप के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के दौरान अप्रैल माह में जन्मदिन मनाने वाले वरिष्ठ नागरिकों को मंच पर बुलाकर केक काटकर उनका जन्मदिन भी मनाया गया। अंत में पुलिस निरीक्षक (जनसंपर्क) चैत्राली साबळे ने उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


