मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित डायमंड मार्केट के पास अंडर-कंस्ट्रक्शन मेट्रो साइट पर बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। मेट्रो ब्रिज के लिए गर्डर (बीम) इंस्टॉल करते समय एक क्रेन असंतुलित होकर पलट गई, जिससे भारी संरचना नीचे मौजूद मशीनरी पर गिर पड़ी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ।


हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि कुछ मजदूरों को हल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंची, इलाके को घेराबंदी कर बचाव और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। साथ ही आसपास के रास्तों पर यातायात डायवर्ट किया गया।
मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) के निदेशक बसवराज एमबी ने बताया कि यह काम मेट्रो लाइन 2B (डी.एन. नगर से मंडाले) के तहत BKC स्थित ILFS स्टेशन पर चल रहा था। उन्होंने कहा कि रात में प्रीकास्ट एलिमेंट को उठाने की प्रक्रिया के दौरान क्रेन में मैकेनिकल खराबी आ गई, जिससे वह असंतुलित हो गई और लोड दूसरी क्रेन पर गिर गया।
उन्होंने बताया कि मौके पर दो क्रेन का इस्तेमाल किया जा रहा था। हादसे के तुरंत बाद काम रोक दिया गया और एक 600 मीट्रिक टन की नई क्रेन मंगाकर गिरे हुए स्ट्रक्चर और क्षतिग्रस्त क्रेन को हटाने का काम शुरू किया गया।
MMRDA के अनुसार, इस हादसे में कोई गंभीर चोट या जनहानि नहीं हुई है। पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इस परियोजना पर काम कर रही कंपनी जे कुमार इंफ्रास्ट्रक्चर है।
फिलहाल प्रशासन ने सुरक्षा उपायों को सख्त करते हुए घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।


