मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के ज़वेरी बाजार स्थित तेल गली में शुक्रवार आधी रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां ड्रेनेज लाइन (मलनिस्सारण टैंक) की सफाई के दौरान दो नाबालिग भाई जहरीली गैस की चपेट में आ गए। इस हादसे में 14 वर्षीय मुनील नायक की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय अनिल नायक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।


जानकारी के अनुसार, दोनों भाई टैंक में जमा कचरे का गाद निकालने के लिए उतरे थे। उस समय वहां कोई निगरानी नहीं थी और दोनों कितनी देर तक बेहोश पड़े रहे, इसका अंदाजा नहीं लग पाया। बाद में एक राहगीर की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें टैक्सी के जरिए जीटी अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मुनील को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनिल को आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
परिवार के अनुसार, दोनों बच्चों के पिता कीर्ति नायक कचरे और गंदे पानी से सोना निकालने का काम करते हैं और यही उनका पुश्तैनी व्यवसाय है। दोनों बच्चे भी इसी काम में लगे थे। परिवार ने आरोप लगाया है कि उनके बड़े भाई ने जबरदस्ती दोनों को ड्रेनेज टैंक में उतरने के लिए मजबूर किया था।
इस घटना ने एक बार फिर नाबालिगों से खतरनाक काम करवाने और सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर कमी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


