स्थानीय नागरिकों की भागीदारी से विकसित हों उद्यान और मैदान : महापौर रितू तावडे।

Date:


मुंबई महानगरपालिका के एन विभाग क्षेत्र के उद्यानों और मैदानों के विकास को लेकर सोमवार को घाटकोपर स्थित प्रशासनिक कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुंबई की महापौर रितू तावडे ने की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि उद्यानों और मैदानों का विकास स्थानीय नागरिकों की सुझावों और संकल्पनाओं को ध्यान में रखकर किया जाए।


महापौर ने कहा कि मुंबई के उद्यान और मैदान नागरिकों के विश्राम, मनोरंजन और स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। यहां लोग वॉकिंग, जॉगिंग, योग और व्यायाम जैसी गतिविधियां करते हैं, इसलिए इनके विकास में जनसहभागिता जरूरी है। उन्होंने सभी नगरसेवकों से अपने-अपने क्षेत्रों में उद्यानों और मैदानों के विकास में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।


बैठक में एन विभाग के अंतर्गत आने वाले राजावाड़ी उद्यान, लायंस पार्क, केशरवाला उद्यान, क्लोवर मैदान, चित्तरंजन नगर मैदान, 90 फीट रोड स्थित आर.जी. उद्यान, प्रमोद महाजन उद्यान एवं जॉगर्स पार्क, डॉ. हेडगेवार उद्यान और नाना-नानी पार्क के विकास प्रस्तावों पर चर्चा की गई।


इस दौरान स्थानीय नागरिक प्रतिनिधियों ने कई सुझाव रखे। इनमें थीम आधारित उद्यानों का निर्माण, आकर्षक प्रवेश द्वार, पेयजल सुविधा, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्था, वॉकिंग और जॉगिंग ट्रैक, बच्चों के लिए खेल सामग्री, उद्यानों के खुले रहने का समय बढ़ाना, सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति, सीसीटीवी कैमरे लगाने, अतिक्रमण हटाने और मैदानों में धूल नियंत्रण जैसी मांगें शामिल थीं।


महापौर रितू तावडे ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन उद्यानों और मैदानों को पूर्ण पुनर्विकास की आवश्यकता है, उनके संकल्पना आधारित आराखड़े जल्द तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएं। जहां सुविधाओं में सुधार संभव है, वहां तत्काल काम शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि उद्यानों का उपयोग असामाजिक तत्वों द्वारा न हो, इसके लिए प्रशासन को सतर्क रहना होगा।


उन्होंने यह भी कहा कि उद्यानों में हरियाली और वृक्षों का संरक्षण किया जाए तथा बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए नागरिकों को शिकायत करनी पड़े, यह उचित नहीं है।


बैठक में उपआयुक्त (उद्यान) अजितकुमार आंबी, उपआयुक्त (परिमंडल-6) संतोषकुमार धोंडे, सहायक आयुक्त मारुति पवार सहित संबंधित अधिकारी और स्थानीय नागरिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

पालघर में भीषण सड़क हादसा: 13 लोगों की मौत, कई घायल।

मुंबई वार्ता संवाददाता महाराष्ट्र के पालघर जिला में सोमवार...

अवैध अप्रवासन पर कोई समझौता नहीं।

प्रो. शांतिश्री धुलिपुडी पंडित(जेएनयू (JNU)/ कुलपति)/स्तंभकार/मुंबई वार्ता बौद्धिक और...