मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के के-पश्चिम विभाग ने अंधेरी पश्चिम के वीरा देसाई रोड और ऑफिस न्यू लिंक रोड स्थित चार नामी होटलों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अनिवार्य खुली जगह (कम्पल्सरी ओपन स्पेस) पर किए गए अवैध आच्छादन और बढ़े हुए निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान उपयोग में लाई जा रही सामग्री भी जब्त की गई।


अतिरिक्त नगर आयुक्त (शहर) डॉ. अश्विनी जोशी के निर्देश पर पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र में ऐसी कार्रवाई शुरू की गई है। इसी क्रम में उप आयुक्त (परिमंडल-4) भाग्यश्री कापसे के मार्गदर्शन और के-पश्चिम विभाग के सहायक आयुक्त चक्रपाणी अल्ले के नेतृत्व में मंगलवार, 9 जून को संयुक्त अभियान चलाया गया।
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, लाइसेंस विभाग, अग्निशमन विभाग तथा भवन एवं कारखाना विभाग की टीमों ने हिस्सा लिया। कार्रवाई के दायरे में अंधेरी पश्चिम स्थित व्हॉट्स योर बहाना, ट्रोव 9, जूलियट और याजू होटल शामिल रहे, जिन्होंने सेवा क्षेत्र का विस्तार करने के लिए अनिवार्य खुली जगह पर अवैध रूप से ढांचा खड़ा कर लिया था।
कार्रवाई के दौरान 24 कुर्सियां, एक कुकिंग रेंज, एक माइक्रोवेव ओवन, तीन कूलर, एक इलेक्ट्रिक फ्रायर और दो स्पीकर जब्त किए गए। अभियान में करीब 20 कर्मचारियों और अग्निशमन दल के जवानों को तैनात किया गया था तथा जेसीबी मशीनों का भी इस्तेमाल किया गया।
सहायक आयुक्त चक्रपाणी अल्ले ने कहा कि अनिवार्य खुली जगह पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाया गया है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


