मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई की लोकल ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस मामले में सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) करजात ने घटना के 12 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।


पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार सुबह छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से खोपोली जा रही लोकल ट्रेन में हुई। घायल युवक की पहचान मस्जिद बंदर निवासी 26 वर्षीय सतीश कुमार बोलामानी पाठक के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के वांगनी स्टेशन पार करने के बाद लगेज डिब्बे में सीट पर बैठने को लेकर सतीश पाठक और कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोपियों ने सतीश की बेरहमी से पिटाई की और उनमें से एक ने चाकू से उनके पेट पर हमला कर दिया।
सूचना मिलने के बाद करजात जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इमरान इदरीस अंसारी (18), निवासी नेरल और करण कन्हैयालाल अग्रवाल (22), निवासी शेलू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


