श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

अंधेरी पश्चिम के डी.एन. नगर इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। वायरलेस कंपाउंड स्थित एक निजी तालाब में नहाने गए बच्चों में से एक 10 वर्षीय बालक के डूबने की आशंका है। उसके शव की तलाश के लिए दमकल विभाग, पुलिस और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।


जानकारी के अनुसार, जागरुत हनुमान मंदिर के पीछे, जुहू गली स्थित वायरलेस कंपाउंड के पास की झुग्गी बस्ती के 2 से 3 बच्चे निजी तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान एक बच्चा पानी में डूब गया।
पुलिस के अनुसार, डूबे बच्चे की पहचान दिनेश बसवराज हरिजन (10 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अग्निशमन दल, डी.एन. नगर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों द्वारा बच्चे की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। फिलहाल बच्चे का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।


