मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के प्रमुख और उपनगरीय अस्पतालों में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने तथा मरीजों को स्वच्छ और संक्रमण-मुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने नगर आयुक्त अश्विनी भिड़े को पत्र लिखकर ‘एक मरीज-एक परिजन’ (One Patient-One Attendant) व्यवस्था और विजिटर पास मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने का प्रस्ताव दिया है।


मेयर ने सुझाव दिया है कि इस व्यवस्था को पहले चरण में केईएम, सायन (शीव) और नायर अस्पताल में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में तत्काल लागू किया जाए। उनका कहना है कि इससे अस्पतालों में अनावश्यक भीड़ कम होगी, स्वच्छता बेहतर होगी और डॉक्टरों तथा नर्सों को मरीजों का उपचार करने में सुविधा मिलेगी।
प्रस्ताव के अनुसार, अस्पताल में भर्ती प्रत्येक मरीज के साथ वार्ड में केवल एक परिजन को रहने की अनुमति दी जाएगी। वहीं अस्पताल के प्रवेश द्वार पर डिजिटल विजिटर पास सिस्टम शुरू किया जाएगा, जिसकी जांच सुरक्षा कर्मी करेंगे। इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगेगी।
हालांकि, आईसीयू या गंभीर रूप से बीमार मरीजों के मामलों में मानवीय आधार पर एक से अधिक विजिटर पास जारी करने का अधिकार अस्पताल प्रशासन के पास रहेगा।
मेयर ऋतु तावड़े के अनुसार, इस व्यवस्था से अस्पतालों के वार्ड और गलियारों में भीड़ कम होगी, स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण बेहतर होगा, मरीजों को शांत वातावरण मिलेगा तथा नागरिकों में सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन की भावना भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल मुंबईकरों को बेहतर और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।


