मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के माटुंगा स्थित बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एफ-नॉर्थ वार्ड कार्यालय के बाहर टेंडर को लेकर दो ठेकेदारों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।


जानकारी के अनुसार, दोनों ठेकेदारों के बीच किसी टेंडर को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। घटना बीएमसी कार्यालय के बाहर होने के कारण वहां मौजूद कर्मचारियों और नागरिकों में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।


घटना की सूचना मिलते ही माटुंगा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद का कारण बीएमसी के एक टेंडर को लेकर मतभेद था। पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके।
इस घटना ने बीएमसी कार्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि दिनदहाड़े सार्वजनिक स्थान पर हुए इस जानलेवा हमले से कर्मचारियों और आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा हो गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


