मुंबई वार्ता संवाददाता

शासकीय तंत्रनिकेतन, मुंबई में विद्यार्थियों की विभिन्न मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने गुरुवार को आंदोलन शुरू किया। संगठन का आरोप है कि पिछले 4-5 महीनों से विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर लगातार प्रशासन से संपर्क करने और निवेदन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।


ABVP के अनुसार, कॉलेज में पानी की आपूर्ति, पर्याप्त स्वच्छतागृह, समय पर लेक्चर आयोजित न होना और बंद पड़े वॉटर कूलर जैसी कई बुनियादी समस्याएं विद्यार्थियों को परेशान कर रही हैं। इन समस्याओं को लेकर संगठन के प्रतिनिधियों ने कॉलेज के प्राचार्य से मुलाकात की और डायरेक्टर ऑफ टेक्निकल एजुकेशन के समक्ष भी निवेदन प्रस्तुत किए हैं।


संगठन का कहना है कि लगातार 4-5 महीने तक समस्याओं का समाधान नहीं होने से विद्यार्थियों को रोजाना असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से वॉटर कूलर जैसी प्राथमिक सुविधा भी उपलब्ध नहीं होने से विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं, कॉलेज शुरू रहने के दौरान परिसर में निर्माण कार्य भी चल रहा है।
ABVP ने निर्माण कार्य के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। संगठन ने कहा कि यदि निर्माण कार्य के दौरान किसी विद्यार्थी के जीवन या सुरक्षा को नुकसान पहुंचता है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।
संगठन ने स्वच्छतागृह सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने, निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने तथा लंबित समस्याओं पर ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।
ABVP का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े इन मुद्दों पर प्रशासन को अब केवल आश्वासन देने के बजाय तत्काल निर्णय लेकर उसकी प्रभावी तरीके से अमल करना चाहिए। इन्हीं मांगों को लेकर संगठन की ओर से शासकीय तंत्रनिकेतन, मुंबई में आंदोलन किया जा रहा है।


