मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की यूनिट-2 ने भारतीय मुद्रा के नकली नोट बनाकर उन्हें असली बताकर बेचने वाले एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 2 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं।


पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को अपराध शाखा, कक्ष-2, मुंबई को गुप्त सूचना मिली थी कि मेट्रो सिनेमा के पास वासुदेव बळवंत फड़के चौक में एक महिला और एक पुरुष भारतीय मुद्रा के नकली नोट होने का झांसा देकर असली नोटों के बदले नकली नोट देने की कोशिश कर रहे हैं।


सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर जाल बिछाया। इस दौरान एक महिला को 270 नकली नोटों के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसे ये नकली नोट एक व्यक्ति से 500 रुपये के असली नोट के बदले मिले थे।
तकनीकी जांच के बाद पुलिस उस व्यक्ति तक पहुंची। उसके कब्जे से 500 रुपये मूल्य के 1,858 नकली नोट बरामद हुए। इस तरह दोनों आरोपियों के पास से कुल 2,128 नकली नोट, जिनकी कुल कीमत करीब 10,64,000 रुपये बताई गई है, बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों दानिश ताहीर खान ( 38 वर्ष) और रुकसाना अब्बास आली मोतीवाला( 55)के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच अपराध शाखा की कक्ष-2 द्वारा की जा रही है।
इस कार्रवाई को मुंबई के पुलिस आयुक्त देवन भारती, पुलिस सह आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त (प्रकटीकरण) राज तिलक रौशन और सहायक पुलिस आयुक्त दिनकर शिलवटे के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक दिलीप तेजनकर, पुलिस उपनिरीक्षक संकल्प मोकेल तथा उनकी टीम शामिल रही।


