गणेशोत्सव के 11 दिनों में करीब 80 मीट्रिक टन गीले कचरे पर होगी बायोमीथेनेशन प्रक्रिया, 7,744 यूनिट नवीकरणीय बिजली बनाने की योजना।

Date:

श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

गणेशोत्सव के दौरान उत्पन्न होने वाले गीले कचरे के टिकाऊ और वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल के समन्वय से अभिनव ‘प्रसाद से ऊर्जा’ पहल शुरू की है। इसके तहत मंडल के प्रसाद कक्ष और अन्नछत्र से निकलने वाले गीले कचरे पर बायोमीथेनेशन प्रक्रिया के माध्यम से वैज्ञानिक तरीके से प्रक्रिया की जाएगी।


गणेशोत्सव के दौरान मंडल की प्रसाद वितरण और भोजन व्यवस्था से प्रतिदिन करीब 8 से 10 मीट्रिक टन खाद्य एवं जैविक कचरा निकलने का अनुमान है। इस कचरे को स्रोत पर ही उचित तरीके से अलग किया जाएगा। इसके बाद समर्पित वाहनों के माध्यम से इसे बीएमसी के नायर अस्पताल, कस्तूरबा अस्पताल, जीटीबी अस्पताल और सायन अस्पताल स्थित बायोमीथेनेशन संयंत्रों तक पहुंचाया जाएगा।


इनमें से प्रत्येक संयंत्र की प्रतिदिन करीब 2 मीट्रिक टन कचरे के प्रसंस्करण की क्षमता है। इस पहल के तहत 11 दिनों में लगभग 80 मीट्रिक टन गीले कचरे पर प्रक्रिया करने और इससे करीब 7,744 यूनिट नवीकरणीय बिजली पैदा करने की योजना है। हालांकि, वास्तविक बिजली उत्पादन अलग किए गए कचरे की मात्रा एवं गुणवत्ता तथा संयंत्रों की कार्यशील स्थिति पर निर्भर करेगा।


बायोमीथेनेशन प्रक्रिया से उत्पन्न बिजली का इस्तेमाल अस्पतालों के मरीज कक्षों, गलियारों और अन्य साझा परिसरों में प्रकाश व्यवस्था सहित उपयुक्त कार्यों के लिए किया जाएगा।


यह पहल उप आयुक्त (परिमंडल-2) और उप आयुक्त (घनकचरा प्रबंधन) के निर्देश पर तथा एफ/दक्षिण विभाग के सहायक आयुक्त की पहल से संचालित की जा रही है। बीएमसी द्वारा नियुक्त मेसर्स एरोकैर एविएशन प्राइवेट लिमिटेड इन बायोमीथेनेशन परियोजनाओं का संचालन और रखरखाव कर रही है।


बीएमसी के अनुसार, इस पहल से यह प्रदर्शित होगा कि बड़े सार्वजनिक उत्सवों से निकलने वाले गीले कचरे को उचित तरीके से अलग कर वैज्ञानिक प्रक्रिया के जरिए उपयोगी ऊर्जा में बदला जा सकता है। इससे पारंपरिक कचरा निपटान व्यवस्था पर पड़ने वाला दबाव भी कम होगा और चक्रीय अर्थव्यवस्था की अवधारणा को बढ़ावा मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

पायधुनी पुलिस ने MD ड्रग्स बेचने वाले 3 आरोपियों को पकड़ा, ड्रग्स बनाने की सामग्री और 13 लाख का माल जब्त।

मुंबई वार्ता संवाददाता मुंबई की पायधुनी पुलिस (दक्षिण परिमंडल-02)...