माथाडी यूनियन के नाम पर वसूली का आरोप, ‘इलाका हमारा है’ कहकर रंगदारी मांगने वाला कुख्यात बदमाश ‘बड़ा कन्ना’ गिरफ्तार।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के अंधेरी पूर्व स्थित एमआईडीसी इलाके में माथाडी कामगार यूनियन के नाम पर कथित तौर पर दहशत फैलाकर कारोबारियों और कंपनियों से रंगदारी वसूलने के मामले में पुलिस ने कुख्यात बदमाश कन्नन चिन्नादुरई वन्नियार उर्फ ‘बड़ा कन्ना’ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके गिरोह के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) के तहत भी कार्रवाई की है।


पुलिस के अनुसार, ‘बड़ा कन्ना’ और सत्यम गुरखेल उर्फ ‘सत्या’ के नेतृत्व में गिरोह अंधेरी और आसपास के इलाकों में कंपनियों, कारोबारियों तथा निर्माण व्यवसायियों पर कथित तौर पर दबाव बनाता था। माथाडी कामगार यूनियन के नाम पर काम करने के बजाय ‘वाराई’ अथवा प्रोटेक्शन मनी के नाम पर जबरन पैसे मांगने का आरोप है।


जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा कथित तौर पर लोगों को धमकाते हुए कहा जाता था, ‘यह इलाका हमारा है, यहां काम करना है तो हर महीने 20 हजार रुपये हफ्ता देना पड़ेगा।’ कंपनियों के वाहनों को रोकने, हथियारों का डर दिखाने और मारपीट करने के भी आरोप गिरोह पर लगाए गए हैं।


कुछ दिन पहले अंधेरी पूर्व के कोंडीविटा रोड इलाके में माथाडी कामगारों के दो गुटों के बीच दिनदहाड़े मारपीट हुई थी। इस दौरान लाठी-डंडों से हमला किए जाने का वीडियो भी सामने आया था। एक व्यक्ति के सिर और पैर पर लकड़ी के डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में 17 अगस्त 2026 को एमआईडीसी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था।


पुलिस की जांच में गिरोह द्वारा संगठित तरीके से कथित आपराधिक गतिविधियां चलाने की बात सामने आने के बाद सक्षम अधिकारी की मंजूरी से मकोका की धाराएं 3(1)(ii), 3(2) और 3(4) जोड़ी गई हैं।


इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क, उसके सदस्यों तथा रंगदारी वसूली से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related