मुंबई वार्ता संवाददाता

चुनाव आयोग द्वारा कथित तौर पर जनता को गुमराह करने और भाजपा के पक्ष में वोट चोरी किए जाने के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) मुंबई प्रदेश की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर यह प्रदर्शन सपा के बल्लार्ड पियर स्थित प्रदेश मुख्यालय के बाहर आयोजित किया गया।


मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दलों की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सपा मुंबई प्रदेश ने भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।


सपा मुंबई प्रदेशाध्यक्ष अबू आसिम आजमी के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान यूसुफ अब्राहानी, मेराज सिद्दीकी, अबू फरहान आजमी, रुकसाना सिद्दीकी सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची की पारदर्शिता, चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए। सपा नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता के अधिकार और चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता सर्वोपरि है।
सपा मुंबई प्रदेश ने कहा कि लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। पार्टी की ओर से चुनाव आयोग से मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर स्पष्टता और पारदर्शिता की मांग की गई।


