मुंबई वार्ता संवाददाता

लायंस क्लब ऑफ मुलुंड की ओर से शनिवार को मुलुंड पश्चिम स्थित लायंस स्पोर्ट्स पवेलियन में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मोती पहचान ट्रस्ट द्वारा संचालित शेठ करमशी कानजी इंग्लिश स्कूल की सोशल साइंस की शिक्षिका सुनीता वीरेंद्र मिश्रा को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए बेस्ट टीचर अवार्ड से सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर दसवीं कक्षा के स्कूलों के 80 मेधावी विद्यार्थियों, अन्य शिक्षकों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूलों को भी सम्मानित किया गया।बेस्ट टीचर अवार्ड से सम्मानित होने के बाद सुनीता मिश्रा ने कहा कि वह इस सम्मान के लिए प्रिंसिपल वर्षा देशमुख सहित अपने संस्थान और लायंस क्लब की हृदय से आभारी हैं।


उन्होंने कहा कि शिक्षक अक्सर पर्दे के पीछे रहकर विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। ऐसे में उनके योगदान को सार्वजनिक मंच पर पहचान और सम्मान मिलना सराहनीय है।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लायन भरत दत्त और विशिष्ट अतिथि के रूप में के. एन. नायर उपस्थित रहे।
समारोह का आयोजन लायंस क्लब ऑफ मुलुंड के अध्यक्ष लायन राजेश ठक्कर के नेतृत्व में किया गया।राजेश ठक्कर ने कहा कि क्लब का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों तथा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान से शिक्षकों और विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है।समारोह को सफल बनाने में क्लब की सचिव पल्लवी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सोमैया और प्रोजेक्ट चेयरपर्सन बिपिन नाइक ने विशेष योगदान दिया।


