मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में सोमवार शाम आग की दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। सायन के पास स्थित बेस्ट के आणिक बस डिपो में खड़ी करीब 8 से 10 सीएनजी बसों में भीषण आग लग गई। वहीं, गोरेगांव पूर्व स्थित फिल्म सिटी में भी एक अस्थायी ढांचे में आग लगने की घटना सामने आई। दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


■ आणिक डिपो में 10 नई सीएनजी बसें जलीं
आणिक बस डिपो में आग सोमवार शाम करीब 5:44 बजे लगी। देखते ही देखते आग ने आसपास खड़ी कई बसों को अपनी चपेट में ले लिया। बृहन्मुंबई महानगरपालिका के आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, आग को बुझाने के लिए मुंबई अग्निशमन दल की चार दमकल गाड़ियां, पांच बड़े पानी के टैंकर, एक त्वरित प्रतिक्रिया वाहन और एक एम्बुलेंस मौके पर भेजी गई।
बेस्ट के अधिकारियों के अनुसार, आग में निजी संचालक डागा समूह द्वारा बेस्ट को उपलब्ध कराई गई 10 वातानुकूलित मिडी सीएनजी बसें पूरी तरह जल गईं। ये बसें नई थीं और अभी यात्री सेवा में शामिल नहीं हुई थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने आग के दौरान धमाके जैसी आवाजें सुनाई देने और आसमान में काले धुएं का घना गुबार उठने की बात कही। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आग लगने का वास्तविक कारण अभी सामने नहीं आया है और इसकी जांच की जा रही है।
■ फिल्म सिटी में भी लगी आग
इसी दिन शाम 4:02 बजे गोरेगांव पूर्व की फिल्म सिटी में आग लगने की सूचना मिली। यह आग रिलायंस मीडिया वर्क्स और प्राइम फोकस के पीछे स्थित एक अस्थायी ढांचे में लगी थी। मुंबई अग्निशमन दल ने करीब 4:55 बजे आग पर काबू पा लिया।
आग की चपेट में विद्युत तार, विद्युत उपकरण, केबल, दरवाजे, लकड़ी के तख्ते, एसी यूनिट, बांस, प्लास्टिक सामग्री, साउंड सिस्टम और शूटिंग से जुड़ा सामान आया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
फिल्म सिटी की घटना कुछ टीवी कार्यक्रमों के सेट के आसपास हुई। अधिकारियों के अनुसार आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। બંને घटनाओं के कारणों की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है।


