मुंबई वार्ता संवाददाता

मध्य रेल ने आसनगांव-कसारा तीसरी रेल लाइन के निर्माण और कसारा यार्ड में ‘अप’ यार्ड लाइन के विस्तार के लिए 7 से 18 अक्टूबर 2026 तक 12 दिनों का विशेष यातायात एवं पावर ब्लॉक घोषित किया है। ब्लॉक के कारण कसारा मार्ग पर लोकल ट्रेनों के साथ-साथ कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की सेवाएं भी प्रभावित होंगी।


हालांकि 12 दिनों के ब्लॉक की घोषणा की गई है, मध्य रेल ने फिलहाल 7 से 9 अक्टूबर के दौरान लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ने वाले प्रभाव का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले संशोधित समय-सारणी की जांच कर यात्रा की योजना बनाएं।
■ 7 और 8 अक्टूबर को शाम तक लोकल सेवा प्रभावित
7 और 8 अक्टूबर को दोपहर 3.35 बजे से रात 8.35 बजे तक आसनगांव-कसारा के बीच लोकल सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी। इस दौरान सीएसएमटी से कसारा जाने वाली कुछ लोकल ट्रेनों को आसनगांव में ही समाप्त कर दिया जाएगा।
सीएसएमटी से दोपहर 1.10, 2.17, 2.46 और 4.50 बजे रवाना होने वाली कसारा लोकल आसनगांव तक ही चलेगी। दूसरी ओर कसारा से 3.35, 4.16, 5.02 और 6.17 बजे रवाना होने वाली लोकल अब आसनगांव से क्रमशः 4.12, 4.54, 5.39 और 6.54 बजे रवाना होगी।
7 और 8 अक्टूबर को ब्लॉक शुरू होने से पहले सीएसएमटी से कसारा की अंतिम लोकल दोपहर 12.30 बजे रवाना होगी, जबकि कसारा से सीएसएमटी की अंतिम लोकल दोपहर 2.42 बजे चलेगी। ब्लॉक समाप्त होने के बाद सीएसएमटी से कसारा की पहली लोकल शाम 6.28 बजे, जबकि कसारा से सीएसएमटी की पहली लोकल रात 8.35 बजे रवाना होगी।
■ रात में चार लोकल ट्रेनें रद्द
8 और 9 अक्टूबर की मध्यरात्रि 12.30 बजे से सुबह 5.30 बजे तक भी ब्लॉक रहेगा। इस दौरान चार उपनगरीय सेवाएं रद्द की गई हैं। इनमें 8 अक्टूबर रात 10.47 बजे की सीएसएमटी-कसारा लोकल, 9 अक्टूबर रात 12.08 बजे की सीएसएमटी-कसारा लोकल, 8 अक्टूबर रात 11.14 बजे की टिटवाला-ठाणे लोकल और 9 अक्टूबर सुबह 3.51 बजे की कसारा-सीएसएमटी लोकल शामिल हैं।
इस रात ब्लॉक से पहले सीएसएमटी से कसारा की अंतिम लोकल रात 9.32 बजे और कसारा से सीएसएमटी की अंतिम लोकल रात 10 बजे चलेगी। ब्लॉक के बाद सीएसएमटी से कसारा की पहली लोकल सुबह 4.19 बजे, जबकि कसारा से सीएसएमटी की पहली लोकल सुबह 4.59 बजे रवाना होगी।
■ मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी असर
ब्लॉक के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनों के समय में बदलाव और कुछ ट्रेनों का मार्ग में नियमन किया जाएगा। गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, अयोध्या कैंट-एलटीटी एक्सप्रेस, बलिया-दादर एक्सप्रेस और ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को इगतपुरी, खर्डी और आटगांव के आसपास नियंत्रित किया जाएगा। भुसावल मंडल में भी कुछ ट्रेनों को 30 मिनट से लेकर करीब 1 घंटे 25 मिनट तक नियंत्रित किए जाने की संभावना है।
■ यात्रियों के लिए बसों की अतिरिक्त व्यवस्था
रेल सेवा प्रभावित होने के कारण महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम ने भी वैकल्पिक व्यवस्था की है। नासिक-कसारा बस सेवा को अस्थायी रूप से आसनगांव तक चलाया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बसें भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि आसनगांव पर समाप्त होने वाली लोकल के यात्रियों को आगे की यात्रा में परेशानी न हो।
रेलवे के अनुसार, आसनगांव-कसारा तीसरी लाइन का काम पूरा होने के बाद उपनगरीय तथा मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन के लिए अतिरिक्त क्षमता उपलब्ध होगी। इससे ट्रेनों की आवाजाही को बेहतर तरीके से अलग-अलग संचालित करने और भविष्य में समयपालन सुधारने में मदद मिलेगी।
मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे ब्लॉक के दौरान घर से निकलने से पहले ट्रेन का संशोधित समय अवश्य जांचें और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक बस या अन्य परिवहन व्यवस्था का इस्तेमाल करें।


