पवई पुलिस की बड़ी कामयाबी: दो महीने से लापता 10 वर्षीय बच्चे को दिल्ली से खोज निकाला।

Date:

■ मुंबई पुलिस के विशेष दस्ते ने सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर पूछताछ के जरिए बच्चे का लगाया सुराग; दिल्ली में रिश्तेदार के घर मिला बालक।

मुंबई वार्ता संवाददाता

पवई पुलिस स्टेशन की टीम ने उल्लेखनीय कामयाबी हासिल करते हुए पिछले करीब दो महीने से लापता 10 वर्षीय बच्चे को दिल्ली से सुरक्षित खोज निकाला है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बच्चे का पता लगाया। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए सूचना पत्रकों की मदद ली गई। पुलिस की लगातार मेहनत के बाद बच्चा दिल्ली में अपने एक रिश्तेदार के यहां मिला।

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 3.15 से 3.30 बजे के बीच तुंगा गांव, साकीविहार रोड स्थित पवई के ‘दारुल उलूम मस्जिद गरीब नवाज मदरसा, सुन्नी रहमानिया जामा मस्जिद’ से 10 वर्षीय अल्ताफ मुख्तारअली शाह अचानक लापता हो गया था। वह मूल रूप से सैदाम चाल, भास्कर नगर, कलवा, ठाणे का रहने वाला है। बच्चे के नाबालिग होने के कारण मानव तस्करी, बाल मजदूरी अथवा बाल शोषण जैसी गंभीर आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए उसके पिता मुख्तारअली शाह की शिकायत पर 16 सितंबर 2026 को पवई पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल विशेष जांच दल गठित किया गया। जांच दल ने घटनास्थल के आसपास के मदरसे के प्रवेश द्वार, तुंगा गांव की मुख्य सड़क, साकीविहार रोड, कांजुरमार्ग रेलवे स्टेशन, साकीनाका मेट्रो स्टेशन, जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड (जेवीएलआर) और मुख्य मार्ग पर स्थित बेस्ट बस स्टॉप के आसपास लगे मुंबई पुलिस के सीसीटीवी सर्विलांस प्रोजेक्ट सहित निजी दुकानों, पेट्रोल पंपों और होटलों के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

जांच में पता चला कि बच्चा स्थानीय क्षेत्र से बाहर चला गया था। इसके बाद पुलिस ने रेलवे और अंतरराज्यीय मार्गों पर तलाश तेज की। बच्चे को जल्द खोजने के लिए उसकी तस्वीर और शारीरिक पहचान संबंधी जानकारी के साथ फॉर्म-03 जारी किया गया। साथ ही एनआईसी-मेल प्रणाली के माध्यम से मुंबई और आसपास के पुलिस थानों, विशेष पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था), महाराष्ट्र राज्य, अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी), पुणे तथा राज्य और देश के सभी पुलिस आयुक्तालयों, रेलवे पुलिस (जीआरपी) और नियंत्रण कक्षों को फ्लैश वायरलेस संदेश भेजा गया।

मुंबई पुलिस के आधिकारिक पुलिस नोटिस और गैजेट्स में भी बच्चे की जानकारी प्रसारित की गई।जांच दल ने 3 नवंबर 2026 को बच्चे के मूल निवास क्षेत्र आनंद नगर और भास्कर नगर, कलवा (ठाणे) में जाकर बाजारों, रेलवे स्टेशनों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों की दीवारों पर बच्चे की तस्वीर और संपर्क नंबर वाले सैकड़ों सूचना पत्रक चिपकाए। इसके बाद गुप्त सूचना मिली कि बच्चा डोंबिवली क्षेत्र में देखा गया है। पुलिस ने तत्काल डोंबिवली पहुंचकर मुख्य बाजार, रेलवे स्टेशन और फुटपाथ पर रहने वाले लोगों से पूछताछ की।

कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने बच्चे को दो-तीन दिन पहले देखा था।इस महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस ने डोंबिवली के पूर्व और पश्चिम दोनों क्षेत्रों में तलाश की। 4 नवंबर 2026 को शिकायतकर्ता बच्चे के पिता से फोन पर संपर्क कर उनके मोबाइल के माध्यम से रिश्तेदारों और समाज के विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुपों तथा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चे की तस्वीर और पुलिस का संपर्क नंबर प्रसारित किया गया। इससे आम नागरिकों से जानकारी जुटाने में मदद मिली।

इसी दौरान जांच दल को सूचना मिली कि लापता बच्चा दिल्ली के मोहम्मदपुर इलाके में हो सकता है। सूचना मिलते ही विशेष पुलिस दल तत्काल दिल्ली रवाना हुआ। वहां बच्चे के रिश्तेदारों के पते की जानकारी हासिल कर पुलिस ने आर.के. पुरम, सेक्टर क्षेत्र में तलाश की। पूछताछ के दौरान पता चला कि बच्चा अपने रिश्तेदार के यहां रह रहा है। इसके बाद पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। रिश्तेदारों ने बताया कि बच्चे को तलाशने के बाद वे उसे रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर खोजने भी गए थे।इस तलाशी अभियान के तहत गठित विशेष टीम ने मुंबई और ठाणे क्षेत्र में सामान्य तथा 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। मुंबई पुलिस आयुक्तालय के सभी पुलिस थानों को सूचना पत्र भेजे गए। इसके अलावा विभिन्न सोशल मीडिया साइटों, व्हाट्सऐप, फेसबुक और इंस्टाग्राम का भी इस्तेमाल किया गया।

पत्रकारों के माध्यम से भी बच्चे की तस्वीर और जानकारी प्रसारित कराई गई।पुलिस के अनुसार, करीब दो महीने से लापता बच्चे को खोजने में विशेष जांच दल को सफलता मिली है।

इस अभियान में मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त मनोज कुमार शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त अभिनव देशमुख, पश्चिम प्रादेशिक विभाग के पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावडे, पश्चिम परिमंडल-3 के पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त दादासाहेब धुटके, साकीनाका विभाग तथा पवई पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक आत्माजी सावंत और पुलिस निरीक्षक (अपराध) सुशांत बंडगर के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक नवनाथ ढकले, पुलिस कर्मचारी शंकर चासकर और महिला पुलिस कर्मचारी योगिता खुलके ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।पुलिस की इस विशेष टीम के प्रयासों से करीब दो महीने से लापता 10 वर्षीय बच्चे को दिल्ली से सुरक्षित खोजने में सफलता मिली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related