कुर्ला के सार्वजनिक उद्यान में युवक-युवती पर हमला, आठ नाबालिग हिरासत में; सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

Date:

■ लकड़ी के डंडों से युवक की पिटाई, बीच-बचाव करने पहुंची युवती को भी घेरा; पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में दर्ज किया मामला।


मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के कुर्ला पश्चिम स्थित एक सार्वजनिक उद्यान में युवक और युवती पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने आठ नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया है। घटना कुर्ला पश्चिम में फीनिक्स मॉल के पीछे स्थित प्रमोद महाजन उद्यान की है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।


जानकारी के अनुसार, युवक और युवती दोनों नवी मुंबई के निवासी हैं। वे शनिवार को उद्यान में मौजूद थे, तभी आठ से दस लड़कों का एक समूह उनके पास पहुंचा। शुरुआत में उनके बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वायरल वीडियो में लड़कों का समूह युवक और युवती को घेरकर उनका रास्ता रोकने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान कुछ लड़कों ने लकड़ी के डंडों से युवक पर हमला कर दिया। युवती ने बीच-बचाव कर हमलावरों को रोकने की कोशिश की। हालांकि, दोनों किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहे।


घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसके बाद मुंबई पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए वीडियो के आधार पर हमले में शामिल नाबालिगों की पहचान की और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) सहित अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।

आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। साथ ही, संबंधित नाबालिगों के अभिभावकों को नोटिस जारी किए गए हैं। पुलिस ने मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।


इस घटना को लेकर भाजपा नेता किरीट सोमैया ने भी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो साझा किया। उन्होंने हमले को सांप्रदायिक रंग देते हुए इसे ‘मुस्लिम गुंडागर्दी’ बताया और आरोप लगाया कि मुस्लिम कट्टरपंथियों ने हिंदू युवक-युवती पर हमला किया। उन्होंने यह भी कहा कि वह दोपहर चार बजे घटनास्थल का दौरा करेंगे।


हालांकि, पुलिस की ओर से जारी कार्रवाई की जानकारी में हमले के आरोपियों की पहचान नाबालिगों के रूप में बताई गई है। घटना के पीछे किसी सांप्रदायिक कारण की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related