श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई की BEST समिति की अध्यक्ष तृष्णा विश्वासराव ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की आयुक्त अश्विनी भिडे से BEST को मंजूर किए गए अनुदान की शेष 500 करोड़ रुपये की राशि तत्काल जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस राशि के मिलने से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया भुगतान में तेजी आएगी और BEST की वित्तीय स्थिति भी मजबूत होगी।


विश्वासराव ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में बीएमसी ने BEST के लिए 1,000 करोड़ रुपये का अनुदान स्वीकृत किया है। इनमें से 500 करोड़ रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से BEST प्रशासन अब तक 351 करोड़ रुपये सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वितरित कर चुका है। शेष उपलब्ध राशि से जुलाई और अगस्त 2024 में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के भुगतान की योजना बनाई गई है।


उन्होंने पत्र में कहा कि जुलाई 2024 से जून 2026 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों का लगभग 1,300 करोड़ रुपये का भुगतान अभी भी लंबित है। ऐसे में यदि बीएमसी शेष 500 करोड़ रुपये का अनुदान जारी कर देती है, तो न केवल कर्मचारियों के बकाया का निपटारा होगा, बल्कि BEST की आर्थिक स्थिति भी सुधरेगी।
विश्वासराव ने कहा कि अतिरिक्त निधि मिलने से बस बेड़े के आधुनिकीकरण, इलेक्ट्रिक बस (ई-बस) परियोजनाओं को गति देने और दैनिक परिवहन सेवाओं को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि 31 मई 2024 तक सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनकी मूल देय राशि का 100 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है और केवल ब्याज की राशि शेष है। इसी तरह जून 2024 में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के भी मूल भुगतान पूरे कर दिए गए हैं, जबकि ब्याज का भुगतान बाकी है।
BEST को बीएमसी की ओर से 2014 से 2025-26 के दौरान कुल 12,312 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी जा चुकी है। इसके बावजूद मौजूदा वित्तीय दबाव और लंबित देनदारियों को देखते हुए समिति ने शेष अनुदान जल्द जारी करने की मांग की है। इसके साथ ही BEST प्रशासन ने अगले 15 दिनों के भीतर जुलाई और अगस्त 2024 में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा है।


