मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने गुरुवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) मुख्यालय में संचालित कैंटीन को तत्काल प्रभाव से बंद कर सील करने का आदेश दिया। यह कार्रवाई कैंटीन में परोसी गई छाछ के एक गिलास में मक्खी मिलने की शिकायत के बाद की गई।


शिकायत मिलने के बाद FDA अधिकारियों ने कैंटीन का करीब पांच घंटे तक विस्तृत निरीक्षण किया। जांच के दौरान कैंटीन में गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया गया।


निरीक्षण के बाद FDA ने कैंटीन संचालक कमल कैटरर्स को तत्काल कारोबार बंद करने का नोटिस जारी किया। विभाग ने कैंटीन की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन न करने पर यह सख्त कार्रवाई की।
इसके अलावा, BMC के स्वास्थ्य और श्रम विभाग ने भी ठेकेदार पर संयुक्त रूप से 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया है।
यह कार्रवाई महाराष्ट्र FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में मुंबई में चलाए जा रहे खाद्य सुरक्षा अभियान का हिस्सा है। इससे पहले भी FDA ने KEM अस्पताल की कैंटीन समेत शहर के कई प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की थी।


