मुंबई (सं. भा.) करवा चौथ के पावन पर्व पर रविवार को सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए व्रत रखा। दिनभर निराजल रहकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना के बाद जैसे ही चंद्रमा का दीदार हुआ, महिलाओं ने विधिपूर्वक चलनी से चांद का दर्शन किया। हालांकि, मुंबई में चंद्रोदय का समय रात 8.37 बजे बजे था, लेकिन चांद कुछ देरी से नजर आया।
ठाणे, कल्याण, मीरा भाईंदर व उपनगरों में बादल और बारिश के कारण चंद्रमा दिखाई नहीं दिया। इस मुश्किल का हल सुहागिनों ने विडियो कॉल के जरिए निकाला। महिलाओं ने मायके में विडियो कॉल से चंद्र का दर्शन कर व्रत का पारण किया। सोलह श्रृंगार में सजी- धजी महिलाएं छतों और बालकनियों पर पहुंचकर हाथों में पूजा की थाली लेकर अपने पति की लंबी उम्र के लिए चंद्रमा को अर्घ्य देती दिखीं। पति के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया।