मुंबई (सं. भा.) वर्तमान में मलाड (पश्चिम) स्थित मढ आईलैंड के निवासियों को अंधेरी तक पहुंचने के लिए लगभग 18.6 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है, जिसमें करीब डेढ़ घंटा लग जाता है। लेकिन अब इन दोनों के बीच की दूरी कम हो जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार, वर्सोवा खाड़ी पर प्रस्तावित पुल के निर्माण से यह दूरी 18.6 किमी से घटकर 5 किमी हो जाएगी और यात्रा का समय घटकर केवल 20 मिनट हो जाएगा। यह पुल करीब 2 हजार 38 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनाया जाएगा। इससे लोगों को काफी आराम मिलेगा। साथ ही इससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।
बता दें कि बीते कई सालों से निवासियों और जनप्रतिनिधियों की यह मांग थी कि मढ जेट्टी और वर्सोवा खाड़ी पर एक पुल का निर्माण किया जाए, जिसे अब मंजूरी दे दी गई है और इस प्रोजेक्ट के लिए टेंडर भी आमंत्रित किया गया था।

लागत में इजाफा नहीं
टेंडर में इस परियोजना के लिए मुख्य इंजीनियरिंग कार्य सिविल/मैकेनिकल और इलेक्ट्रकल, एलिवेटेड रोड, केबल स्टे ब्रिज, सीसीटीवी, नियंत्रण कक्ष और अन्य सिस्टम, पर्यावरण प्रबंधन, संचालन – रखरखाव और बीमा जैसी अन्य चीजें शामिल की गई है।
फिलहाल एप्को-आरबीएल (जेवी) ने सबसे कम बोली 2.290 करोड़ रुपये की लगाई है। उक्त बोली नगर निगम के बजट से 0.44 प्रतिशत कम है। वैसे उक्त परियोजना की कुल लागत 3 हजार 990 करोड़ रुपए है। कार्य की निर्माण अवधि 36 माह है। बीएमसी ने यह कहा है कि लागत में इजाफा नहीं हुआ है।


