- अंतरराष्ट्रीय रेसलर नरसिंह यादव ने किया शिविर का शुभारंभ
वर्सोवा (सं. भा.) महिलाओं को आपराधिक घटनाओं से सुरक्षित रखने और उन्हें आत्मरक्षा के गुर सिखाने के उद्देश्य से वर्सोवा में ‘तू दुर्गा बन’ नामक आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह पहल महाराष्ट्र भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा और वर्सोवा विकास मंच के संयुक्त प्रयास से की गई, जिसमें प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय रेसलर नरसिंह यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और शिविर का उद्घाटन किया।
महिलाओं के प्रति बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए तथा उन्हें आपातकाल में आत्मरक्षा के गुर सिखाने का अभियान शुरू किया गया है। इसको ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा अध्यक्ष एवं वर्सोवा विकास मंच के संस्थापक डॉ. संजय पांडेय ने महिलाओं के लिए ‘तू दुर्गा बन’ आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का अभियान शुरू किया है। अंधेरी पश्चिम, लिंक रोड स्थित रायगढ़ मिलिट्री स्कूल में आयोजित शिविर का उद्घाटन प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय रेसलर नरसिंह यादव ने किया।

अंतरराष्ट्रीय रेसलर नरसिंह यादव ने ‘तू दुर्गा बन’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र की महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करना बड़ा ही सराहनीय कदम है। यह न केवल महिलाओं को स्वायत्तता और सुरक्षा की दिशा में जागरूक करेगा, बल्कि समाज में राष्ट्र निर्माण की आधारशिला रखने और उनकी सुरक्षा को बढ़ावा देने में भी सहयोगी सिद्ध होगा। अपने संबोधन में महाराष्ट्र भाजपा उभामो प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय पांडेय ने कहा कि नारी राष्ट्र निर्माण की आधारशिला और संस्कार रोपण की नींव है। समाज की प्रथम अध्यापिका और प्रथम स्तंभ है। महिलाओं ने इतिहास में अनगिनत बार अपनी शक्ति और साहस से दिखाया है कि वह समाज की रक्षा करने में कितनी सक्षम हैं। रायगढ़ मिलिट्री स्कूल के प्रमुख राजू घरत ने कहा कि यह अभियान उन्नत एवं सशक्त समाज के निर्माण में सहयोगी साबित होगा। अंत में संस्था के संचालक अनिल तिवारी ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया।


