मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

भारतीय नौसेना का एक अपतटीय गश्ती पोत (ओपीवी), भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस सावित्री, हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में अपनी चल रही तैनाती के तहत मोज़ाम्बिक के पोर्ट बेरा पहुँचा। मोज़ाम्बिक नौसेना के कर्मियों ने जहाज का गर्मजोशी से और औपचारिक स्वागत किया, जो दोनों देशों के बीच गहरे ऐतिहासिक संबंधों और मज़बूत समुद्री सहयोग को दर्शाता है।


इस यात्रा के दौरान, दोनों नौसेनाओं के कर्मी व्यापक संयुक्त प्रशिक्षण और पेशेवर बातचीत में शामिल होंगे, जिसका उद्देश्य भविष्य की संयुक्त तैनाती के लिए आपसी सहयोग और अंतर-संचालन क्षमता को बढ़ाना है। प्रशिक्षण सत्रों में नौवहन संबंधी पहलुओं और प्रभावी ईईजेड निगरानी पर पेशेवर चर्चा के साथ-साथ वीबीएसएस अभ्यास, क्षति नियंत्रण और अग्निशमन अभ्यासों का व्यावहारिक अनुभव शामिल होगा।


पोत की सामुदायिक आउटरीच गतिविधियों के एक भाग के रूप में, आईएनएस सावित्री, पोत पर आगंतुकों का स्वागत करेगा, जिससे उन्हें भारतीय नौसेना की परिचालन क्षमताओं और समृद्ध समुद्री परंपराओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा, स्थानीय समुदाय के लिए मैत्री और सद्भावना के बंधन को सुदृढ़ करने हेतु एक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा।


पोत की यात्रा संयुक्त योग सत्रों और मैत्रीपूर्ण फुटसल खेलों के साथ समाप्त होगी, जिससे दोनों नौसेनाओं के कर्मियों के बीच सौहार्द और टीम भावना को बढ़ावा मिलेगा। यह बंदरगाह यात्रा, हिंद महासागर क्षेत्र में एक विश्वसनीय और पसंदीदा सुरक्षा भागीदार के रूप में भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता की पुष्टि करेगी।



बहुत सुंदर