मुंबई वार्ता संवाददाता

रेल कर्मचारियों के हितों के लिए लंबे समय से सक्रिय रहने वाले संजय आंग्रे उर्फ भाई आंग्रे को सेंट्रल रेलवे स्थानीय लोकाधिकार सेना का कार्याध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शिवसेना के वरिष्ठ नेता एवं स्थानीय लोकाधिकार सेना महासंघ के अध्यक्ष तथा पूर्व सांसद गजानन कीर्तिकर ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।


नियुक्ति के बाद भाई आंग्रे ने शिवसेना नेता एवं सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे तथा गजानन कीर्तिकर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।भाई आंग्रे लंबे समय से रेलवे कर्मचारियों के हितों की आवाज़ उठाते रहे हैं। वे मध्य रेलवे में कर्मचारियों की यूनियन का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं तथा ‘सेंट्रल रेलवे टिकट चेकिंग परिवार’ संस्था का भी नेतृत्व कर रहे हैं। उनकी नियुक्ति से संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। रेल कर्मचारियों ने उनका अभिनंदन करते हुए शुभकामनाएं दीं।


अपनी प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए भाई आंग्रे ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, कर्मचारियों के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा करना तथा रेल सेवाओं को यात्रियों के लिए अधिक सुगम और जनहितैषी बनाने में सहयोग देना रहेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोकाधिकार सेना कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाते हुए रेलवे कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों और जनहित से जुड़े सभी मुद्दों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त कार्याध्यक्ष भाई आंग्रे के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और रेल कर्मचारियों के हितों की लड़ाई को और मजबूती मिलेगी।


