मुंबई वार्ता संवाददाता

नेस्को ड्रग्स पार्टी मामले के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने पार्टी ड्रग्स के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस ने टिटवाला से एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 5,000 एक्स्टेसी गोलियां बरामद की हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है।


पुलिस के अनुसार, नेस्को कॉन्सर्ट ड्रग्स केस की जांच के दौरान घाटकोपर एंटी नारकोटिक्स यूनिट के प्रभारी पुलिस निरीक्षक अनिल ढोले और उनकी टीम ने साकीनाका इलाके में छापेमारी कर 200 एक्स्टेसी गोलियां बरामद की थीं। इस मामले में इरफान अंसारी को गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ के दौरान इरफान अंसारी से मिली जानकारी के आधार पर जांच टिटवाला तक पहुंची। इसके बाद एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने पद्मावती रॉयल सोसायटी में छापा मारकर ए. पॉल नामक महिला को गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी के दौरान महिला के घर से 5,000 एक्स्टेसी गोलियां बरामद की गईं। पुलिस का कहना है कि बरामद ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी महिला पहले कल्याण में रहती थी और करीब दो महीने पहले ही टिटवाला में आकर रहने लगी थी।
फिलहाल एंटी नारकोटिक्स सेल इस बात की जांच कर रही है कि ड्रग्स की यह खेप कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसे मुंबई व आसपास के इलाकों में किस नेटवर्क के जरिए सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस पूरे रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है।


