■ श्री आदर्श रामलीला उप समिति-बोरीवली का उत्कृष्ट और सराहनीय आयोजन.
मुंबई वार्ता संवाददाता

श्री आदर्श रामलीला उप-समिती, बोरीवली के तत्वावधान में रामलीला के मंचन का भव्य आयोजन बोरीवली के स्व. रामजस उपाध्याय रामलीला मैदान ( अजंता सिनेमा के समक्ष) किया गया है। इस समिति के अध्यक्ष रामकृपाल उपाध्याय के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हो रहे इस अद्भुत रामलीला के आयोजन को देखने सम्पूर्ण मुम्बई व ठाणे सहित आसपास के अनगिनत रामभक्त गणमान्य नागरिक एकत्रित हो रहे हैं।


बुधवार को रामलीला के मंचन के दौरान हुए प्रसंग में प्रभु श्री राम के वनवास के मार्मिक दृश्यों ने वहां उपस्थित दर्शकों की भारी भीड़ को भावुक करते हुए उनकी आँखे सजल कर दीं। इस रामलीला मंचन को देखने वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीकांत पांडे, हरिशंकर तिवारी, पत्रकार-लेखक अमित मिश्रा, ब्रह्मदेव सिंह, बयार परिवार के सूर्यकान्त उपाध्याय, अजय दुबे, ज्योतिषाचार्य डॉ. अशोक मिश्र, बी.एम. गुप्ता, सतीश मिश्रा, सतीश दुबे, मनीष नाग तथा उत्तर भारतीय परिवार के अनुज अवस्थी सहित अनेक रामभक्त नागरिक तथा नारी शक्तियों में रुचि उपाध्याय, शशि सिंह, गीता मिश्रा, मंजू दुबे, किरण सिंह व छाया सिंह सहित अनेक रामभक्त, रामलीला के विशाल मैदान पर उपस्थित रहे।


इस अवसर पर रामलीला समिति की ओर से वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीकांत पांडे ने पत्रकार -लेखक अमित मिश्रा को रामनामी अंग वस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया। प्रमुख आयोजक रामकृपाल उपाध्याय ने मीडिया को बताया कि 14 अक्टूबर तक इस रामलीला का अनवरत मंचन होगा तथा 15 अक्टूबर को अखिल भारतीय विराट कवि- सम्मेलन का आयोजन किया गया है।
इस कवि सम्मेलन में देश भर से आये अनेक प्रसिद्ध कवियों की उपस्थिति रामलीला मैदान पर काव्य की रसधार बहाते हुए श्रोताओं को साहित्य जगत के ऊर्ध्वाकार आकाश की सैर कराएगी। इस विराट कवि सम्मेलन का संचालन शशिकान्त ‘शशि’ ( देवास) करेंगे तथा महेश दुबे ( मुम्बई), अतुल ज्वाला ( इंदौर), रोहित झन्नाट ( इंदौर), गौरव चौहान ( इटावा) एवं आगरा की सुप्रसिद्ध कवयित्री योगिता चौहान अपनी रचनाओं की प्रस्तुतियों से काव्य रस की धारा बहाकर बोरीवली की पुण्य भूमि को साहित्य रस से सिंचित करेंगे।


