■ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और पदाधिकारी सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल।
मुंबई वार्ता संवाददाता

अतिवृष्टि और भीषण बाढ़ से हुए नुकसान के नाम पर महायुती सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। सरकार ने जो 32 हजार करोड़ रुपये का पैकेज घोषित किया था, वह पूरी तरह झूठा है। उसी तरह आज कैबिनेट बैठक में 11 हजार करोड़ रुपये के वितरण को दी गई मंजूरी भी दिखावटी और फर्जी है। महायुती सरकार किसानों के जख्मों पर नमक छिड़क रही है। किसानों को प्रति हेक्टेयर कम से कम 50 हजार रुपये मुआवजा मिलना चाहिए, ऐसी पुनः स्पष्ट मांग महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने की है।


नांदेड़ में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भाजपा और महायुती सरकार पर तीखा प्रहार किया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बारे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपकाल ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस मतों की चोरी करके मुख्यमंत्री बने हैं। जो व्यक्ति खुद “चोर मुख्यमंत्री (चो.मु.)” है, “चिप मुख्यमंत्री” है, वही ऐसे “चिप” बयान दे सकता है। इस तरह की निम्न स्तर की टिप्पणियों से राहुल गांधी का नेतृत्व और व्यक्तित्व कम नहीं होता, ऐसा जवाब हर्षवर्धन सपकाल ने दिया।


सपकाल ने कहा कि नांदेड़ जिला हमेशा से कांग्रेस विचारधारा का गढ़ रहा है। कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है, नेताओं की नहीं। आज भी नांदेड़ कांग्रेस विचारधारा का है और कल भी रहेगा। अन्य पार्टियों से कांग्रेस में शामिल होने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है — कल गढ़चिरोली में, आज नांदेड़ जिले में और कल जालना जिले में प्रवेश हो रहा है।
यह राहुल गांधी के संघर्ष का परिणाम है और कांग्रेस विचारधारा पर बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। इन प्रवेशों से पार्टी को नई ताकत मिल रही है और महाराष्ट्र में कांग्रेस अपना पुराना गौरव फिर हासिल करेगी, ऐसा हर्षवर्धन सपकाल ने कहा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस बयान पर कि “स्थानीय स्वराज संस्था चुनावों में विरोधियों का सफाया कर देंगे”, सपकाल ने पलटवार करते हुए कहा कि आगामी स्थानीय स्वराज संस्था चुनावों में “उनके ही दांत उनके गले में फंस जाएंगे।”
● राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारियों का कांग्रेस में प्रवेश
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की प्रमुख उपस्थिति में नांदेड़ में आज अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दिव्यांग सेल के प्रदेश कार्याध्यक्ष रामदास सुमठाणकर सहित असंख्य पदाधिकारियों ने कांग्रेस पार्टी में प्रवेश किया। इसमें 4 पूर्व नगराध्यक्ष, 23 पूर्व नगरसेवक, 8 नगरसेवक, 2 पूर्व जिला परिषद सदस्य, पूर्व पंचायत समिति सभापति और पूर्व पंचायत समिति सदस्य शामिल हैं। प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इन सभी का कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया।


