मुंबई वार्ता संवाददाता

पवई पुलिस ने तड़ीपार किए गए एक आरोपी को एमडी (मेफेड्रोन) जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 55.9 ग्राम एमडी, 47,650 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 8 लाख 57 हजार 650 रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को सुबह करीब 6:30 बजे पवई पुलिस थाने की टीम को सूचना मिली थी कि तड़ीपार आरोपी पवई के मोरारजी नगर इलाके में घूम रहा है। पुलिस टीम ने गुप्ता कॉर्नर के पास, मिठी नदी नाले के समीप आरे रोड क्षेत्र में स्थित मूमिन चाल, कमरा नंबर 507 के आसपास निगरानी रखी।


इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां पुलिस को संदेहास्पद लगीं। पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम मुबारक मोमीन खान उर्फ लालू (32) बताया। उसका पता मूमिन चाल, गुप्ता कॉर्नर के पास, मोरारजी नगर, मिठी नदी नाले के पास, आरे रोड, पवई, मुंबई बताया गया है।
पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से पारदर्शी प्लास्टिक की थैली में 55.9 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये है। इसके अलावा 47,650 रुपये नकद और सैमसंग कंपनी का गैलेक्सी ए14, सिल्वर रंग का मोबाइल फोन, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये है, भी जब्त किया गया।
इस प्रकार पुलिस ने कुल 8,57,650 रुपये मूल्य का मुद्देमाल जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पहले ही तड़ीपार किया गया था। उसके खिलाफ पवई पुलिस थाने में गु.र.क्र. 906/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क) सह 22(क) सहित संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास मिले मोबाइल नंबर का तकनीकी विश्लेषण कर मामले की आगे जांच की जा रही है।
सह पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) मनोज कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अभिनव देशमुख,पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावडे, सहायक पुलिस आयुक्त दादा साहेब घुटुकड़े के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई पवई पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक आत्माजी सावंत की टीम ने की है।
कार्रवाई में पवई पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण, पुलिस उपनिरीक्षक अण्णा टोंबरे, पुलिस उपनिरीक्षक संदीप पाटील, पुलिस उपनिरीक्षक प्रकाश वाखारे तथा संबंधित पुलिस कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


