राजन बलसाने / मुंबई वार्ता

परिमंडल 4 के पुलिस उपायुक्त सचिन गोरे ने पुलिस रेजिंग डे के अवसर पर वर्ष भर की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अपराधों को सुलझाने में पुलिस ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा कि,”हत्या, बलात्कार, एनडीपीएस और दारूबंदी जैसे गंभीर मामलों को शत-प्रतिशत सुलझाया गया हैं। विनय भंग और पोक्सो मामलों को सुलझाने में क्रमशः 96 और 99 प्रतिशत सफलता मिली है, जबकि चैन स्नैचिंग के 89 प्रतिशत मामलों का निपटारा किया गया है।”
सचिन गोरे ने बताया कि अपराधों की संख्या में वृद्धि के बावजूद पुलिस की सक्रियता और तत्परता ने अपराधों पर नियंत्रण बनाए रखा है। घरफोड़ और वाहन चोरी की घटनाओं में कमी आई है, जबकि चारों से बरामद 18 लाख रुपये से अधिक का सामान नागरिकों को लौटाया गया है। इसके अतिरिक्त, 10 आरोपियों को तड़ीपार और 43 आरोपियों पर महाराष्ट्र पुलिस कानून के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस रेजिंग डे के तहत कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जिनमें 5 किलोमीटर की मैराथन, महिला सुरक्षा अभियान, नशामुक्ति कार्यक्रम, पुलिस बैंड का प्रदर्शन और मेडिकल कैंप शामिल हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य नागरिकों को जागरूक करना और पुलिस के साथ उनके विश्वास को मजबूत बनाना है। डीसीपी गोरे ने कहा कि सक्रिय पुलिसिंग से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।


