मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

पवई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) परिसर के हॉस्टल नंबर-6 में गुरुवार रात गैस सिलेंडर की पाइप में रिसाव के कारण अचानक आग भड़क गई। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। बाद में चार घायलों को आगे के उपचार के लिए कस्तूरबा अस्पताल स्थानांतरित किया गया, जबकि एक घायल का राजावाड़ी अस्पताल में इलाज जारी है। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई गई है।


मिली जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना 8 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजकर 24 मिनट पर मिली। गैस सिलेंडर की पाइप से गैस का रिसाव होने के बाद अचानक आग भड़कने से यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी राजावाड़ी अस्पताल की ओर से दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बीएमसी के वार्ड कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया।
इस हादसे में 12 वर्षीय अंश अहिरवार, 9 वर्षीय तहजीब आलम, 37 वर्षीय ईश्वर सिंह, 34 वर्षीय शिवकुमार सिंह और 23 वर्षीय अनिलकुमार यादव घायल हुए हैं।
अंश अहिरवार और तहजीब आलम को कस्तूरबा अस्पताल स्थानांतरित किया गया है। दोनों की हालत स्थिर है। 37 वर्षीय ईश्वर सिंह को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती किया गया है और उनकी स्थिति भी स्थिर बताई गई है। वहीं, शिवकुमार सिंह और अनिलकुमार यादव को भी आगे के उपचार के लिए कस्तूरबा अस्पताल भेजा गया है।
अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद आवश्यक सुरक्षा और राहत कार्य किए गए। फिलहाल सभी घायल चिकित्सकीय निगरानी में हैं।


