श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) मुंबई ज़ोनल यूनिट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में 210 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।


एनसीबी को 11 अप्रैल 2026 को मिली विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर टीम ने महाराष्ट्र के नागपुर में कार्रवाई की। इस दौरान पश्चिम बंगाल नंबर की एक ट्रक को रोका गया, जिसमें पी. कुमार और आर. कुमार नामक दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया।


तलाशी के दौरान ट्रक में वैध माल (मेटल शीट्स) के बीच छिपाकर रखा गया 210 किलो गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गांजा ओडिशा के संबलपुर क्षेत्र से लाया गया था, जो अवैध गांजा सप्लाई का प्रमुख स्रोत माना जाता है। आगे की जांच में नागपुर के दो स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर—पाटिल और वर्मा—को भी गिरफ्तार किया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि जब्त किया गया गांजा महाराष्ट्र के कई शहरों—नागपुर, अमरावती, अकोला, नाशिक, पुणे और मुंबई—में सप्लाई किया जाना था। यहां से इसे छोटे स्तर पर ग्राहकों और स्थानीय पेडलर्स को बेचा जाना था। इस नेटवर्क के अन्य लिंक और आरोपियों की तलाश में जांच जारी है।
एनसीबी ने कहा कि यह कार्रवाई संगठित ड्रग तस्करी नेटवर्क को तोड़ने और नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने के उनके लगातार प्रयासों का हिस्सा है। एजेंसी “नशा मुक्त भारत 2047” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
एनसीबी ने नागरिकों से अपील की है कि वे ड्रग्स से जुड़ी किसी भी जानकारी को MANAS (नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन) के टोल फ्री नंबर 1933 पर साझा करें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


