श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

एमडीएसी पुलिस ठाणे के अंमली पदार्थ विरोधी पथक ने मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 302 ग्राम वजन का पाउडरनुमा ‘हेरोइन’ जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 3.50 करोड़ रुपये बताई गई है। इस मामले में एक आरोपी, तौशीफ लियाकत काझी( 29 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है।


पुलिस के अनुसार, अंमली पदार्थों के सेवन, खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस ठाणे की सीमा में विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 23 अगस्त 2026 की रात करीब 00:10 बजे पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को पनम नगर, जोगेश्वरी (पूर्व), मुंबई स्थित हेमंत ककरे गार्डन के सामने सहकारी भंडार के पास एक व्यक्ति के संदिग्ध अवस्था में घूमने की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी वहां से भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया और अलग-अलग जवाब दिए।बाद में पुलिस ने विश्वास में लेकर उससे गहन पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने उसके पास पाउडर के रूप में मादक पदार्थ होने की जानकारी दी। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट, 1985 के नियमों के तहत तलाशी और कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 302 ग्राम वजन का पाउडरनुमा ‘हेरोइन’ बरामद किया।


पुलिस के मुताबिक, जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 3,50,00,000 रुपये है। आरोपी इस पदार्थ को बिक्री, परिवहन और अवैध कारोबार के उद्देश्य से अपने पास लेकर आया था।इस मामले में पुलिस पथक के पुलिस अधिकारी गौतम बडे की शिकायत पर एमडीएसी पुलिस ठाणे में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क) के साथ धारा 21(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को यह मादक पदार्थ कहां से मिला और इसके पीछे किसी बड़े तस्करी नेटवर्क की भूमिका है या नहीं।
पुलिस ने बताया कि जब्त मादक पदार्थ एमडीएसी परिसर में सप्लाई किया जाना था। मामले की आगे की जांच के दौरान मादक पदार्थ की सप्लाई करने वाले अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है।इस कार्रवाई को वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंमली पदार्थ विरोधी पथक के सपोनि खोलम और उनकी टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ इसी तरह कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
■ वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई:
मुंबई पुलिस आयुक्त देवन भारती, पुलिस सह आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) मनोजकुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पश्चिम क्षेत्र अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त पश्चिम परिमंडल-03 दत्ता नलावडे तथा सहायक पुलिस आयुक्त अंधेरी विभाग योगेश शिंदे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक घनश्याम नायर और पुलिस निरीक्षक (गुहे) सुनील करांडे की प्रत्यक्ष देखरेख रही। सहायक पुलिस निरीक्षक उत्तम खोलम, पुलिस हवलदार गौतम बडे, बाबू पेंडो, सचिन ठोंबर तथा पुलिस शिपाई बिलाल शिंगणे ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


