मुंबई वार्ता संवाददाता

दक्षिण मुंबई के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले काला घोड़ा क्षेत्र को नया स्वरूप देते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा विकसित ‘काला घोड़ा आर्ट एवेन्यू’ सौंदर्यीकरण एवं रोशनी परियोजना का मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बीएमसी ने ऐतिहासिक वास्तुकला के अनुरूप कलात्मक विकास कर काला घोड़ा क्षेत्र की सुंदरता को और निखारा है तथा मुंबई को एक नया सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र प्रदान किया है।


लोकार्पण समारोह बी. भरुचा मार्ग स्थित काला घोड़ा प्लाजा में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक राहुल नार्वेकर, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार, मुंबई की महापौर रितु तावड़े, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्थानीय नागरिक और व्यापारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि परियोजना के तहत आकर्षक पैदल मार्ग, सार्वजनिक खुली जगहें और ऐतिहासिक इमारतों की वास्तुकला के अनुरूप डिजाइन विकसित किया गया है। इससे नागरिकों और पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापारियों का भी इस परियोजना में महत्वपूर्ण योगदान रहा है और आने वाले समय में यह क्षेत्र देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण बनेगा।
बीएमसी ने नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर ‘हेरिटेज वॉक’ का अनुभव देने के उद्देश्य से साईबाबा मार्ग, रोप वॉक लेन, डॉ. वी.बी. गांधी मार्ग (फोर्ब्स स्ट्रीट), रुदरफोर्ड स्ट्रीट और बी. भरुचा मार्ग सहित पांच सड़कों का व्यापक सौंदर्यीकरण किया है। पहले चरण में लगभग 3,443 वर्गमीटर क्षेत्र यानी करीब 500 मीटर लंबे हिस्से का कायाकल्प किया गया है।
परियोजना के तहत यूरोपीय शहरों की तर्ज पर कैफे और रेस्तरां के बाहर खुले स्थानों पर टेबल-कुर्सियों की आकर्षक बैठक व्यवस्था विकसित की गई है। अब पर्यटक खुले वातावरण में चाय, कॉफी और विभिन्न व्यंजनों का आनंद लेते हुए काला घोड़ा के कलात्मक और ऐतिहासिक माहौल का अनुभव कर सकेंगे।
बीएमसी ने बी. भरुचा मार्ग पर आधुनिक ‘काला घोड़ा प्लाजा’ भी विकसित किया है, जहां ग्रे और ब्लैक ग्रेनाइट तथा बेसाल्ट पत्थरों का उपयोग किया गया है। पूरे क्षेत्र में सुंदर, घुमावदार और पैदल यात्रियों के लिए सुविधाजनक पथ बनाए गए हैं, जिससे घूमना, खरीदारी करना और स्थानीय खानपान का आनंद लेना और भी आसान हो गया है।
परियोजना के तहत इस क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा तथा आधुनिक बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा साईबाबा मार्ग, रोप वॉक लेन, डॉ. वी.बी. गांधी मार्ग (फोर्ब्स स्ट्रीट), रुदरफोर्ड स्ट्रीट और बी. भरुचा मार्ग को प्रत्येक शनिवार और रविवार शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक वाहनों के लिए बंद रखा जाएगा। इस दौरान ये सड़कें केवल पैदल यात्रियों के लिए खुली रहेंगी, ताकि नागरिक और पर्यटक सुरक्षित एवं आरामदायक माहौल में काला घोड़ा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का आनंद ले सकें।


