मुंबई वार्ता संवाददाता

आगामी गणेशोत्सव के दौरान कोकण जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मध्य रेलवे ने 246 विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। हर वर्ष गणेशोत्सव के समय मुंबई, ठाणे, पुणे और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपने पैतृक गांवों की ओर रवाना होते हैं। इसी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।


रेलवे के अनुसार, विशेष ट्रेनें मुंबई सीएसएमटी, लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) और पुणे से रत्नागिरी, चिपलूण, सावंतवाड़ी रोड, सिंधुदुर्ग, मडगांव सहित कोकण के प्रमुख स्टेशनों के लिए चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम होगा और त्योहार के दौरान सफर अधिक सुगम होगा।
■ मुख्य विशेष ट्रेनों में शामिल हैं:
मुंबई सीएसएमटी–सावंतवाड़ी रोड स्पेशल (01151/01152): 11 से 27 सितंबर तक प्रतिदिन।
मुंबई सीएसएमटी–रत्नागिरी स्पेशल (01153/01154): 11 से 26 सितंबर तक प्रतिदिन।
एलटीटी–सावंतवाड़ी रोड स्पेशल (01171/01172): 11 से 27 सितंबर तक प्रतिदिन।
एलटीटी–मडगांव स्पेशल (01185/01186): 16 और 23 सितंबर को साप्ताहिक।
पुणे–रत्नागिरी स्पेशल (01445/01446): 15 और 22 सितंबर को साप्ताहिक।
इन विशेष ट्रेनों का ठहराव ठाणे, पनवेल, रोहा, खेड, चिपलूण, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, कणकवली, कुडाल, सिंधुदुर्ग और सावंतवाड़ी रोड जैसे प्रमुख स्टेशनों पर होगा। अधिकांश ट्रेनों में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के डिब्बों की व्यवस्था की गई है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते टिकट बुक करा लें। विशेष ट्रेनों की बुकिंग चरणबद्ध तरीके से 1, 2 और 3 अगस्त से शुरू की गई है। यात्रियों को ट्रेन संख्या, समय और सीटों की उपलब्धता की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या आरक्षण केंद्र से प्राप्त करने की सलाह दी गई है।


