मुंबई वार्ता संवाददाता

सार्वजनिक गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। इसके मद्देनजर मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की ओर से गणेश प्रतिमा आगमन और विसर्जन को लेकर की गई तैयारियों का मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने गुरुवार को मुंबई शहर क्षेत्र में निरीक्षण किया। उन्होंने विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।


महापौर ने कहा कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के जुलूस मार्ग में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक कृत्रिम तालाब उपलब्ध कराने तथा प्राकृतिक विसर्जन स्थलों पर प्रतिमाओं के विसर्जन की प्रक्रिया को तेज करने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही, स्वराज्यभूमि सहित सभी विसर्जन स्थलों पर बड़े पैमाने पर ऐसे सूचना बोर्ड लगाने को कहा, जिन पर यह स्पष्ट रूप से बताया जाए कि गणेश प्रतिमा विसर्जन और अन्य नागरिक सुविधाएं बीएमसी की ओर से नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।


महापौर ने अपने निरीक्षण दौरे की शुरुआत गेटवे ऑफ इंडिया से की। इसके बाद उन्होंने स्वराज्यभूमि (गिरगांव चौपाटी), वरली स्थित लोटस जेट्टी, दादर में छत्रपति शिवाजी महाराज मैदान के पास बीएमसी क्रीड़ाभवन और केलुसकर मार्ग (उत्तर), सायन तालाब सहित विभिन्न प्राकृतिक विसर्जन स्थलों और कृत्रिम तालाबों का निरीक्षण किया।
स्वराज्यभूमि (गिरगांव चौपाटी) पर महापौर ने निर्देश दिया कि गणेश विसर्जन के बाद एकत्र होने वाले निर्माल्य से खाद तैयार की जाए। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए चलित शौचालयों की संख्या बढ़ाने, पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा पर्याप्त संख्या में जीवनरक्षकों की नियुक्ति करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने सभी विसर्जन स्थलों पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए की गई व्यवस्थाओं, कृत्रिम तालाबों की स्थिति, श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध नागरिक सुविधाओं और विसर्जन के दिन लागू की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की।
इस अवसर पर सी और डी प्रभाग समिति के अध्यक्ष आकाश पुरोहित, जी उत्तर प्रभाग समिति के अध्यक्ष एवं मनसे गुटनेता यशवंत किल्लेदार, एफ दक्षिण और एफ उत्तर प्रभाग समिति की अध्यक्ष मानसी सातमकर, नगरसेविका हर्षिता नार्वेकर, नगरसेवक गौरांग झवेरी, नगरसेविका वनिता नरवणकर सहित बीएमसी की उप आयुक्त चंदा जाधव, उप आयुक्त एवं गणेशोत्सव समन्वयक प्रशांत सपकाळे तथा विभिन्न विभागों के सहायक आयुक्त और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
■ गणेशोत्सव 2026 की सूचना पुस्तिका का विमोचन
पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव 2026 के अवसर पर बीएमसी द्वारा तैयार की गई गणेशोत्सव सूचना पुस्तिका का विमोचन भी गुरुवार को महापौर रितू तावड़े के हाथों बीएमसी मुख्यालय स्थित महापौर कक्ष में किया गया।
पुस्तिका में प्राकृतिक और कृत्रिम विसर्जन तालाबों की जानकारी, गणेशभक्तों के लिए उपलब्ध नागरिक सुविधाएं, सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों के लिए आवश्यक जानकारी तथा ‘श्रीगणेश गौरव पुरस्कार’ प्रतियोगिता का प्रवेश आवेदन शामिल किया गया है।
विमोचन के अवसर पर सभागृह नेता गणेश खणकर, विरोधी पक्षनेता किशोरी पेडणेकर, स्थायी समिति अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पूर्व उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकणे तथा अभिनेता और अखिल भारतीय मराठी नाट्य परिषद के अध्यक्ष प्रशांत दामले सहित अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।


