मुंबई वार्ता संवाददाता

दही हांडी उत्सव के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 18,818 ई-चालान जारी किए गए और करीब 1.92 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई मुंबई, ठाणे और आसपास के इलाकों में दही हांडी कार्यक्रमों के दौरान की गई।


ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, सबसे ज्यादा 3,727 चालान यातायात में बाधा डालने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जारी किए गए। इसके अलावा 3,249 वाहन चालकों को बिना हेलमेट वाहन चलाने के लिए दंडित किया गया, जबकि 1,478 चालान सिग्नल तोड़ने के मामलों में काटे गए।


पुलिस ने गलत दिशा में वाहन चलाने के 734, प्रतिबंधित या वन-वे मार्ग में प्रवेश करने के 476, दोपहिया वाहन पर तीन लोगों के सवार होने के 301 और शराब पीकर वाहन चलाने के 25 मामले दर्ज किए। खतरनाक और तेज गति से वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
■ गोविंदा पथकों पर भी नजर
दही हांडी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद बड़ी संख्या में गोविंदा पथक मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों से लौट रहे थे। इस दौरान ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कई स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस तैनात की गई थी। मुलुंड में बैरिकेड लगाकर लौट रहे गोविंदा पथकों के वाहनों की जांच की गई, जहां बिना हेलमेट और ट्रिपल सीट यात्रा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कुछ स्थानों पर पुलिस और गोविंदाओं के बीच बहस की स्थिति भी बनी।
■ CCTV से भी पकड़े गए नियम तोड़ने वाले
ट्रैफिक पुलिस ने सड़क पर तैनात कर्मचारियों के अलावा CCTV फुटेज के जरिए भी यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान की और उनके खिलाफ ई-चालान जारी किए। पुलिस का कहना है कि उत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया गया।
■ पिछले साल से बढ़ी कार्रवाई
पिछले वर्ष दही हांडी उत्सव के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने 10,051 गोविंदाओं के खिलाफ कार्रवाई की थी और करीब 1.13 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। इस वर्ष 18,818 चालान के साथ कार्रवाई का आंकड़ा काफी बढ़ गया है।


