मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

बांद्रा पश्चिम स्थित प्रसिद्ध Gaiety-Galaxy थिएटर में रविवार, 6 सितंबर को हनुमान अंश फिल्म का दोपहर 1 बजे का शो बिना पूर्व सूचना रद्द किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि शो रद्द करने के बाद थिएटर परिसर में प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जहां बड़ी संख्या में हिंदुओं का ईसाई धर्म में धर्मांतरण कराया जा रहा था। हालांकि, धर्मांतरण के इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
फिल्म देखने पहुंचे हिंदू समाज के लोगों और थिएटर प्रबंधन के बीच कथित तौर पर विवाद भी हुआ। शिकायत के अनुसार, थिएटर के मैनेजर ने शो रद्द किए जाने पर कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और कुछ लोगों के साथ मारपीट भी हुई। इन आरोपों की पुलिस जांच की स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है।


■ लाइसेंस को लेकर पुलिस की कार्रवाई
इस विवाद के बीच पुलिस की कार्रवाई से Gaiety-Galaxy थिएटर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बांद्रा पुलिस के अनुसार, थिएटर का एंटरटेनमेंट लाइसेंस वर्ष 2021 से नवीनीकृत नहीं कराया गया था। पुलिस ने रविवार को थिएटर प्रबंधन को नोटिस जारी कर परिसर के बाहर चस्पा कर दिया। इसके बाद सोमवार से थिएटर में फिल्मों की स्क्रीनिंग रोक दी गई।


बांद्रा के पुलिस ने बताया कि थिएटर प्रबंधन ने कई वर्षों से एंटरटेनमेंट लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया था। उन्होंने कहा कि लाइसेंस पुलिस द्वारा जारी किया जाता है और इस संबंध में पहले भी नोटिस दिए गए थे।
बिजली व्यवस्था में भी खामियां
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लाइसेंस के अलावा थिएटर में कुछ तकनीकी खामियां भी सामने आई हैं। इनमें जली हुई बिजली की केबलें शामिल हैं, जो दर्शकों की सुरक्षा के लिए जोखिम पैदा कर सकती हैं।
डीसीपी गर्ग के अनुसार, लाइसेंस फीस जमा करने के बाद सक्षम प्राधिकारी यह निर्णय लेगा कि थिएटर को दोबारा संचालन की अनुमति दी जाए या नहीं।
■ BNS की धारा 223 के तहत FIR
पुलिस ने थिएटर प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत FIR भी दर्ज की है। यह धारा किसी लोक सेवक द्वारा विधिवत जारी आदेश की अवहेलना से संबंधित है।
Gaiety-Galaxy मुंबई के सबसे पुराने और चर्चित सिनेमा परिसरों में से एक है और पांच दशक से अधिक समय से शहर की फिल्म संस्कृति का हिस्सा रहा है। फिलहाल थिएटर में फिल्मों की स्क्रीनिंग लाइसेंस संबंधी मामला सुलझने तक बंद रहेगी।


