मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के पवई इलाके में गुरुवार को बेस्ट (BEST) की एक बस डिवाइडर से टकरा गई, जिससे बस में सवार सात यात्री घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक का ध्यान सड़क पर चल रही एक कार की ओर चला गया, जिसके कारण वह बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे सड़क के डिवाइडर से जा टकराई।


हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय बस सामान्य रफ्तार से चल रही थी। अचानक चालक का संतुलन बिगड़ने से बस डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि यात्रियों को झटका लगा और कई लोग अपनी सीटों से गिर पड़े।
बेस्ट प्रशासन और पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। चालक से पूछताछ की जा रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए बस के तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जाएगी। अधिकारियों ने कहा है कि यदि लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


