मुंबई वार्ता संवाददाता/भिवंडी

भिवंडी में इन दिनों यातायात जाम की समस्या गंभीर हो गई है और दैनिक भीड़ के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को घंटों फंसे रहना पड़ता है।इसको लेकर नागरिकों में यातायात पुलिस व्यवस्था के खिलाफ गुस्सा बढ़ गया है।जिसके मद्देनजर भिवंडी लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाल्या मामा ने इस समस्या को संज्ञान में लेते हुए शुक्रवार को मुंबई-नासिक राजमार्ग पर मानकोली नाका पर पहुंचे और यातायात पुलिस को यातायात सुचारू करने के संबंध में निर्देश दिए।


इसके बाद नागरिकों को दैनिक यातायात जाम से निजात दिलाने के लिए, सांसद बाल्या मामा के नेतृत्व में मानकोली में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में यातायात पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग और राज्य राजमार्गों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में दिन-ब-दिन बढ़ती यातायात जाम की समस्या पर आज भिवंडी के मानकोली में एक महत्वपूर्ण बैठक में वर्तमान में उत्पन्न यातायात जाम की स्थिति की समीक्षा की गई और उपायों का सुझाव दिया गया।सांसद बाल्या मामा ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को यातायात जाम को सुलझाने और सड़क के अधूरे कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।


