■ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, तुषार गांधी, उल्का महाजन की प्रमुख उपस्थिति में कार्यक्रम।
मुंबई वार्ता संवाददाता

भारतीय संविधान के शिल्पकार, महामानव डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने 20 मार्च 1927 को महाड़ में चवदार तालाब पर सत्याग्रह किया था। इस ऐतिहासिक घटना के अवसर पर महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कल शुक्रवार, 20 मार्च को जिला रायगढ़ के महाड़ में ‘चवदार तालाब सत्याग्रह समता शताब्दी वर्ष’ समारोह के शुभारंभ का कार्यक्रम आयोजित किया है।इस कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, महात्मा गांधी के प्रपौत्र एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता उल्का महाजन सहित अनेक मान्यवर नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।


संविधान के शिल्पकार डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों पर ही कांग्रेस पार्टी ने कार्य किया है। कांग्रेस पार्टी ने सत्ता का उपयोग हमेशा महिलाओं, वंचितों, शोषितों, दलितों, आदिवासियों और बहुजन समाज के कल्याण के लिए किया है।


जिस ऐतिहासिक घटना से बाबासाहेब ने क्रांति की नींव रखी, उस क्रांतिकारी घटना की शताब्दी कांग्रेस पार्टी द्वारा मनाकर बाबासाहेब और उनकी क्रांति को अभिवादन किया जाएगा।


20 मार्च 2026 से 20 मार्च 2027 तक का वर्ष कांग्रेस पार्टी द्वारा “चवदार तालाब सत्याग्रह समता शताब्दी वर्ष” के रूप में मनाया जाएगा। सामाजिक न्याय के बिना समानता स्थापित नहीं हो सकती और समानता के बिना डॉ. आंबेडकर की परिकल्पित लोकतंत्र की स्थापना संभव नहीं है। इसे ध्यान में रखते हुए “सामाजिक न्याय से समानता की ओर” इस संकल्पना को केंद्र में रखकर यह शताब्दी वर्ष मनाया जाएगा, ऐसी जानकारी महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दी है।


