मुंबई वार्ता संवाददाता

रक्षाबंधन पर्व की पृष्ठभूमि में महिला बचत समूहों को प्रोत्साहित करने और उनके उत्पादों के लिए सीधे बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की ओर से विशेष राखी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मुंबईकरों ने इस प्रदर्शनी को उत्स्फूर्त प्रतिक्रिया देते हुए राखियों के साथ-साथ विभिन्न घरेलू और हस्तनिर्मित उत्पादों की जमकर खरीदारी की।
बीएमसी मुख्यालय सहित सभी प्रशासनिक विभाग कार्यालयों में आयोजित इस विशेष प्रदर्शनी में नागरिकों के साथ महानगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भी भाग लिया और महिला बचत समूहों द्वारा तैयार उत्पाद खरीदे।


यह प्रदर्शनी बीएमसी की महिला एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष मीनल तुर्डे की संकल्पना और नियोजन विभाग के माध्यम से आयोजित की गई। प्रदर्शनी में महिला बचत समूहों द्वारा स्वयं तैयार की गई पर्यावरण-अनुकूल एवं आकर्षक राखियां, घरेलू खाद्य पदार्थ, सजावटी वस्तुएं और विभिन्न हस्तकला उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए।


■ बीएमसी मुख्यालय में जनप्रतिनिधियों ने भी की खरीदारी
बीएमसी मुख्यालय में आयोजित राखी प्रदर्शनी का विपक्ष की नेता किशोरी पेडणेकर, शिवसेना गुटनेता अमेय घोले, बेस्ट समिति की अध्यक्ष तृष्णा विश्वासराव, महिला एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष मीनल तुर्डे, अतिरिक्त नगर आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे, मीना कांबले और नगरसेवक वकार खान ने दौरा किया। जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी में उपलब्ध राखियों और अन्य उत्पादों की खरीदारी कर महिला बचत समूहों का उत्साह बढ़ाया।
■ दिव्यांग विद्यार्थियों की राखियों को मिली खास पसंद
इस प्रदर्शनी का एक विशेष आकर्षण बीएमसी की विशेष शालाओं में पढ़ने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों द्वारा अपने हाथों से तैयार की गई राखियां रहीं। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता से विभिन्न प्रकार की राखियां तैयार की थीं, जिन्हें मुंबईकरों की ओर से विशेष पसंद मिली।
इन राखियों की बिक्री से दिव्यांग विद्यार्थियों के कलात्मक कौशल को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता और आत्मविश्वास को भी मंच मिला। बीएमसी की इस पहल को दिव्यांग विद्यार्थियों की प्रतिभा को समाज के सामने लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
■ 25 अगस्त को भी जारी रहेगा राखी प्रदर्शनी-सह-बिक्री
बीएमसी मुख्यालय और सभी प्रशासनिक विभाग कार्यालयों में 24 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक विशेष राखी प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसके अलावा सभी प्रशासनिक विभाग कार्यालयों में 25 अगस्त 2026 को भी सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदर्शनी-सह-बिक्री जारी रहेगी।
इस पहल के माध्यम से महिला बचत समूहों को अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने और उनकी बिक्री बढ़ाने का अवसर मिला है। साथ ही उनके कौशल और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है।
महिला एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष मीनल तुर्डे और समिति के सदस्यों ने मुंबईकरों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी बीएमसी प्रशासनिक विभाग कार्यालय में चल रही प्रदर्शनी में पहुंचें, महिला बचत समूहों द्वारा मेहनत से तैयार उत्पादों की खरीदारी करें और दिव्यांग विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहन दें।


