मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के Chhatrapati Shivaji Maharaj International Airport (CSMIA) पर 7 मई (गुरुवार) को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक सभी उड़ान सेवाएं पूरी तरह से बंद रहेंगी। यह फैसला प्री-मानसून मेंटेनेंस के तहत लिया गया है।


एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, इस दौरान मुख्य रनवे 09/27 और सेकेंडरी रनवे 14/32 दोनों को बंद रखा जाएगा। इस वजह से कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द या रीशेड्यूल की गई हैं।
CSMIA ने यात्रियों और कार्गो ऑपरेटरों को एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
■ क्यों हो रहा है रनवे बंद?
हर साल मानसून से पहले एयरपोर्ट पर व्यापक रखरखाव कार्य किया जाता है। मुंबई में भारी बारिश, जलभराव और नमी को देखते हुए रनवे की स्थिति मजबूत और सुरक्षित रखना जरूरी होता है। इसके तहत रनवे की सतह की जांच, मरम्मत और अन्य तकनीकी काम किए जाते हैं।
एयरपोर्ट ऑपरेटर ने इस शटडाउन की योजना करीब 6 महीने पहले ही एयरलाइंस और एविएशन अथॉरिटीज के साथ मिलकर बनाई थी, ताकि उड़ानों के शेड्यूल में पहले से बदलाव किया जा सके। इसके बावजूद, इस दौरान सैकड़ों यात्रियों को रद्द उड़ानों, देरी और रूट बदलाव का सामना करना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 20 नवंबर 2025 को पोस्ट-मानसून मेंटेनेंस के लिए एयरपोर्ट को 6 घंटे के लिए बंद किया गया था।


