मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुख्यात ड्रग तस्कर इरशाद सरदार खान उर्फ बशी बाबा (उम्र 70 वर्ष) को पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत नजरबंद किया है। आरोपी को छत्रपति संभाजीनगर स्थित मध्यवर्ती कारागृह में हिरासत में रखा गया है।


पुलिस उपायुक्त, एंटी नारकोटिक्स सेल, अपराध शाखा, बृहन्मुंबई द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। उसके खिलाफ मुंबई के आज़ाद मैदान, कांदिवली, शिवड़ी, काला चौकी सहित विभिन्न पुलिस थानों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें गांजा, कोडीन फॉस्फेट जैसे मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप शामिल हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को पहले भी एनडीपीएस मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है और सजा पूरी करने के बाद उसने दोबारा मादक पदार्थों का अवैध कारोबार शुरू कर दिया था। उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों से समाज में कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।
इसी को देखते हुए पुलिस आयुक्त, बृहन्मुंबई के प्रस्ताव पर महाराष्ट्र सरकार के गृह विभाग (विशेष) ने पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम, 1988 के तहत आरोपी को नजरबंद करने की मंजूरी दी। इसके बाद 29 सितंबर 2025 को उसे आधिकारिक रूप से नजरबंद कर मध्यवर्ती कारागृह, छत्रपति संभाजीनगर भेज दिया गया।
मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (अपराध) लखमी गौतम, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेश बालकवडे, पुलिस उपायुक्त (एएनसी) नवनाथ ढवले,सहायक पुलिस आयुक्त सुधीर हीरडेकर के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई आजाद मैदान यूनिट के पुलिस निरीक्षक शैलेश सूर्यवंशी की टीम ने की है।


