मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के जे.जे. अस्पताल परिसर स्थित नर्सिंग हॉस्टल में मंगलवार दोपहर एक डॉक्टर छात्र ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान डॉ. अभयसिंह नरसिंग मोरे (26) के रूप में हुई है, जो रेडियोलॉजी प्रथम वर्ष के छात्र थे। इस बात की जानकारी जोन-1 के पुलिस उपायुक्त प्रवण मुढे ने दी है।


पुलिस के अनुसार, डॉ. मोरे नर्सिंग हॉस्टल के छठे माले पर स्थित रूम नंबर 604 में रहते थे। उनका मूल निवास धाराशिव जिले के वाशी तालुका के दसेमगांव में था।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, डॉ. मोरे मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रहे थे तथा उनका मनोरोग संबंधी उपचार भी चल रहा था। मंगलवार दोपहर उन्होंने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अस्पताल प्रशासन मौके पर पहुंचा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


