श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई में हुए ड्रग ओवरडोज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को पुलिस ने इस केस के एक मुख्य आरोपी शुभ अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है।


यह मामला उस समय सामने आया था जब गोरेगांव स्थित नेस्को सेंटर में आयोजित एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान दो एमबीए छात्रों की संदिग्ध ड्रग ओवरडोज से मौत हो गई थी।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वनराई पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे शुभ अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। उस पर इस घटना से जुड़े ड्रग्स की सप्लाई करने का आरोप है।
सूत्रों के मुताबिक, अग्रवाल की गिरफ्तारी जांच में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उसे शुक्रवार को बोरीवली कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिसके बाद मामले में आगे की जांच की जाएगी।पुलिस ने यह भी बताया कि एक अन्य आरोपी आयुष साहिया अभी भी फरार है और उसकी तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


