श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अग्निशमन विभाग (MFB) को शुक्रवार सुबह मढ- मार्वे रोड स्थित एक स्टूडियो में आग लगने की सूचना मिली। यह घटना सुबह 6:13 बजे दर्ज की गई।


आग मालाड (पश्चिम) इलाके में दाना पानी बुलार स्टूडियो, योग आश्रम के पास स्थित परिसर में लगी थी। सूचना मिलते ही बीएमसी फायर ब्रिगेड, पुलिस, 108 एम्बुलेंस और वार्ड स्टाफ मौके पर पहुंच गए।
अधिकारियों के अनुसार, आग को लेवल-1 (L-1) घोषित किया गया था। यह आग ग्राउंड प्लस वन (G+1) संरचना में बने 5-6 गालों में करीब 3000 वर्गफुट क्षेत्र में फैली हुई थी।
आग में इलेक्ट्रिक वायरिंग, इंस्टॉलेशन, वॉलपेपर, फोम सामग्री, कारपेट, पीवीसी शीट, लकड़ी का फर्नीचर, परफ्यूम, ऑफिस रिकॉर्ड, शूटिंग उपकरण, एसी यूनिट और बांस आदि सामग्री जलकर प्रभावित हुई।
आग बुझाने के लिए 4 फायर इंजन, 3 जेट टैंकर, एक वाटर टैंकर सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। करीब 9:12 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।


