मुंबई वार्ता संवाददाता

साहित्य और कविता प्रेमियों के लिए मुंबई में 12 सितंबर को विशेष कवि सम्मेलन ‘मुंबई और बनारस’ का आयोजन किया जाएगा। नव भारत निर्माण समिति एवं बनारस लिट फेस्ट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में चर्चित कवि अमर त्रिपाठी अपनी कविताओं और शायरी के माध्यम से श्रोताओं से संवाद करेंगे।


कार्यक्रम का आयोजन 12 सितंबर 2026 को मुंबई के मणिबेन नानावटी महिला महाविद्यालय, विले पार्ले (पश्चिम) में किया जाएगा। कार्यक्रम का विषय ‘मुंबई और बनारस’ रखा गया है, जिसके जरिए दोनों शहरों की सांस्कृतिक, साहित्यिक और भावनात्मक विरासत को कविता और विचारों के माध्यम से सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।


आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन केवल कवि सम्मेलन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कविता, साहित्य, विचार और संवाद को एक मंच पर लाने की पहल है। कार्यक्रम की प्रस्तुति में ‘शब्दों से संवाद तक… एक नई शुरुआत!’ का संदेश दिया गया है।
कार्यक्रम के प्रचार सामग्री में अमर त्रिपाठी की एक शायरी भी प्रमुखता से शामिल की गई है—
“दुःखों के, मातम के, बीच में जो सुकून कहा है, वो शायरी है।
बना के खुश दिल बेफिक्र कर दे, वही दुआ है, वो शायरी है।”
आयोजकों ने साहित्य, कविता और हिंदी भाषा में रुचि रखने वाले लोगों से इस विशेष कवि सम्मेलन में शामिल होने का आह्वान किया है। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी और संपर्क के लिए बनारस लिट फेस्ट की वेबसाइट तथा आयोजकों द्वारा जारी संपर्क नंबर उपलब्ध कराए गए हैं।


